‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर वार्ड और बूथ स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएगी पार्टी, मतदाता सूची की निगरानी के लिए कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ब्लॉक अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, बूथ कमेटियों के गठन एवं पुनर्गठन, मतदाता सूची की निगरानी और कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर जनजागरण अभियान चलाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए देहरादून जिला प्रभारी विजय घनसोला ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। चुनाव की तैयारियों के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और प्रत्येक बूथ पर समर्पित एवं जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने का आह्वान किया।
घनसोला ने मतदाता सूची पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे। उन्होंने कहा कि मतदान की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जागरूकता फैलानी होगी।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए महानगर कांग्रेस ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया है। पार्टी की प्राथमिकता प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठन तैयार करने के साथ जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से लगातार उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को महानगर कांग्रेस जन-जन तक पहुंचाएगी। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता, पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने अथवा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में लापरवाही को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सतर्क रहेंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की जांच की जाएगी।
डॉ. गोगी ने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों से बूथ कमेटियों का शीघ्र गठन एवं पुनर्गठन करने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को महानगर के प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने, क्षेत्रवार जनसमस्याओं को लेकर कार्यक्रम आयोजित करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने पर सहमति बनी। उपस्थित ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत बनाने, मताधिकार की रक्षा करने और चुनावी तैयारियों में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी राकेश अग्रवाल, गुरजीत लेहरी, रुचि कैंतुरा, अमरेंद्र बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, वीरेंद्र पंवार, जितेंद्र तनेजा, राजेश पुंढिर, सुनील थपलियाल, अनूप सक्सेना, संजय उनियाल, अर्जुन पासी, संतेंद्र पंवार, कुलदीप कोहली सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।