शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप कार्रवाई, तहसील धारी में तैनात पटवारी निर्मल बोरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा
नैनीताल। जनपद नैनीताल की तहसील धारी में तैनात पटवारी निर्मल बोरा को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी द्वारा गांव मजीदा, तहसील धारी स्थित शिकायतकर्ता की भूमि की नाथ-जोख के एवज में पैसों की मांग की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, पटवारी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा, निवासी उनकोट, धारी, नैनीताल, वर्तमान में तहसील धारी में तैनात है और हाल निवासी जलवायु विहार, अमृत आश्रम के पास, बिठोरिया नंबर एक, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल है।
शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर की गई। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी द्वारा ट्रैप टीम गठित की गई।
ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 सितंबर 2026 को पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।