मुंडा ब्रदर्स, पोंटा चोसलम और एन्जॉय एफसी ने दर्ज की शानदार जीत
:- दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन
देहरादून, 3 जुलाई। क्लेमनटाउन स्थित तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड में ढोंडूपलिंग फुटबॉल क्लब द्वारा तिब्बत समाज के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह भर चलने वाले इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता में ढोंडूपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, एमयू एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर्स एफसी, कोको डिकलिंग एफसी, पोंटा चोसलम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी और नई बस्ती एफसी प्रतिभाग कर रही हैं।
टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर बने डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत
टूर्नामेंट के लिए डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनके साथ रेफरी दोर्जी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, रोशन चंद, अमन जखमोला, चर्चिल राणा तथा विमल सिंह रावत मैच संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
मुंडा ब्रदर्स एफसी ने गुरुंग एफसी को 2-0 से हराया
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मुंडा ब्रदर्स एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुंग एफसी को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टीम की ओर से पियूष ने 25वें मिनट और संदीप ने 59वें मिनट में गोल दागे।
पोंटा चोसलम एफसी ने कोको डिकलिंग एफसी पर बनाई बढ़त
दूसरे मुकाबले में पोंटा चोसलम एफसी ने कोको डिकलिंग एफसी को 2-0 से हराया। पोंटा चोसलम की ओर से ताशी ने 20वें मिनट और लोके ने 55वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिलाई।
एन्जॉय एफसी का दमदार प्रदर्शन, प्रेरणा एफसी को 3-0 से हराया
तीसरे मैच में एन्जॉय एफसी ने एकतरफा मुकाबले में प्रेरणा एफसी को 3-0 से शिकस्त दी। एन्जॉय एफसी के लिए सौरभ नेगी ने चौथे मिनट में पहला गोल किया, जबकि रोहित गुसाईं ने 35वें और 58वें मिनट में दो गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
नए फीफा नियमों के अनुसार हो रहा है प्रतियोगिता का संचालन
मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में आयोजित हो रहे फीफा विश्व कप के दौरान लागू किए जा रहे नए नियमों को इस प्रतियोगिता में भी अपनाया जा रहा है। इसके लिए टूर्नामेंट से पहले रेफरियों का एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें नए रेफरी तैयार किए गए। प्रतियोगिता में सभी मैच नवीनतम नियमों के अनुरूप संचालित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ी, कोच और रेफरी आधुनिक फुटबॉल नियमों से अपडेट रह सकें।
टूर्नामेंट के आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी और गोम्पो सहित कई सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।