आधुनिक खेती से चमकी बेनी सिंह की किस्मत

:- रीपर कम बाइन्डर से घटी लागत, बढ़ी आमदनी; एक दिन में पूरी हो रही कटाई

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। सहसपुर विकासखंड के ग्राम कैचीवाला निवासी प्रगतिशील किसान बेनी सिंह आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर क्षेत्र में मिसाल बन गए हैं। करीब 40 बीघा भूमि पर खेती करने वाले बेनी सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी और तकनीक आधारित बनाया है। आधुनिक कृषि यंत्रों की मदद से उन्होंने न केवल समय और लागत बचाई, बल्कि अतिरिक्त आय अर्जित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ाया है।

कृषि विभाग की “सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM)” योजना के तहत बेनी सिंह को रीपर कम बाइन्डर मशीन पर 2.57 लाख रुपये का अनुदान मिला। वहीं वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के अंतर्गत उन्हें डीबीडब्ल्यू-187 और डीबीडब्ल्यू-327 किस्म के दो कुंतल उन्नत गेहूं बीज उपलब्ध कराए गए।

विभागीय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक पद्धति से बुवाई करने पर गेहूं का उत्पादन बेहतर हुआ। फसल पकने के बाद रीपर कम बाइन्डर मशीन से कटाई कराई गई, जिससे खेती का कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और किफायती हो गया।

बेनी सिंह के अनुसार पहले फसल कटाई पर लगभग 1300 रुपये प्रति बीघा खर्च आता था और पूरी कटाई में 6 से 7 दिन लग जाते थे, लेकिन अब यही काम मशीन की मदद से मात्र एक दिन में पूरा हो जाता है। अपने कृषि यंत्र और नलकूप सुविधा होने से खेती की लागत में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

उन्होंने अपनी मशीन का उपयोग केवल अपनी खेती तक सीमित नहीं रखा, बल्कि आसपास के किसानों की लगभग 120 बीघा फसल की कटाई भी की। इससे उन्हें 900 रुपये प्रति बीघा की दर से करीब 1.08 लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

आज बेनी सिंह आधुनिक कृषि यंत्रीकरण के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं और क्षेत्र के अन्य किसानों को भी नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *