:- देहरादून-ऋषिकेश में चला संयुक्त अभियान, प्रवर्तन टीम और पुलिस बल के साथ सख्ती
देहरादून, 06 मई। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान 20 बीघा से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि कई बहुमंजिला और व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।
प्राधिकरण की टीम ने कुंआवाला-हरिद्वार रोड से लेकर ऋषिकेश तक अभियान चलाते हुए किद्दूवाला-तुन्नुवाला क्षेत्र में 7-8 बीघा में हो रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया। वहीं कुंआवाला हरिद्वार रोड के पास करीब 12 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता प्रमोद मेहरा और अवर अभियंता मनीष मेहर सहित प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही।
🏢 ऋषिकेश में सीलिंग का शिकंजा
ऋषिकेश क्षेत्र में भी एमडीडीए ने सख्ती दिखाते हुए आमबाग, निर्मल बाग और गंगा विहार कॉलोनी समेत विभिन्न क्षेत्रों में अवैध बहुमंजिला निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की।
आमबाग गली नंबर-1 में दो भवन, निर्मल बाग ब्लॉक बी और सी में कई इमारतें तथा गंगा विहार कॉलोनी में व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। इसके अलावा मनसा देवी क्षेत्र में भी अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील किया गया।
⚖️ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों और निगरानी के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्लॉट या भवन को खरीदने से पहले उसकी वैधता अवश्य जांच लें।
🚨 नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्रवर्तन टीम लगातार निगरानी कर रही है और जहां भी अवैध निर्माण की सूचना मिलती है, तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत निर्माण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।