विक्रम शर्मा हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, एक लाख का इनामी आरोपी सहारनपुर से दबोचा

देहरादून। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी जिम के बाहर हुई चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल में छिपा हुआ था।

पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को डालनवाला क्षेत्र में जिम से बाहर निकलते समय विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच में झारखंड से आए शूटरों और उनके सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि छह आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। सभी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशराज सिंह निवासी जमशेदपुर, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सहारनपुर रेलवे रोड स्थित होटल सूर्यलोक के सामने से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि यशराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी और घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की फंडिंग भी की थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों ने इससे पहले नोएडा और दिल्ली में भी विक्रम शर्मा की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहने पर देहरादून में वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई। आरोपी अंकित वर्मा को विक्रम शर्मा की रेकी के लिए कई बार देहरादून भेजा गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना में इस्तेमाल वाहन, होटल और यात्रा खर्च का भुगतान यशराज और उसके पिता द्वारा यूपीआई के जरिए किया गया था। हत्या के बाद आरोपी पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिप गया था। हाल ही में पिता के केस में वकीलों से सलाह लेने हरिद्वार और सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

हाईलाईट:

  • जिम जाते समय विक्रम शर्मा की हुई थी हत्या

  • हत्या से पहले दिल्ली और नोएडा में भी हुई थी रेकी

  • आरोपी ने शूटरों की यात्रा और ठहरने का खर्च उठाया

  • पुलिस ने सहारनपुर से दबोचा एक लाख का इनामी

  • हत्याकांड में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *