मानसून से पहले चारधाम यात्रा की पूरी तैयारी करें, होल्डिंग एरिया अभी से एक्टिवेट हों : आनन्द बर्द्धन

:- चारधाम यात्रा की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारियों को निर्देश, आपदा और भारी बारिश से निपटने के लिए निकासी योजना तैयार रखने को कहा
देहरादून, 23 मई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को आईटी पार्क स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मानसून सीजन से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर सभी होल्डिंग एरिया तत्काल प्रभाव से एक्टिवेट किए जाएं और वहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य एवं ठहरने जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारों धामों में श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन, बदरी-केदार मंदिर समिति और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो पिछले वर्षों की तरह रात्रिकालीन दर्शन व्यवस्था भी संचालित की जा सकती है।

बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों से कहा कि भारी बारिश, भूस्खलन और सड़क अवरोध जैसी आपात स्थितियों के लिए पहले से निकासी योजना तैयार रखी जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर राशन, दवाइयों और अन्य जरूरी सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया।

उन्होंने यूकाडा को भी एयरलिफ्ट जैसी आपात परिस्थितियों के लिए अपनी कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने यात्रा पंजीकरण के साथ स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर देते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं, गंभीर बीमार लोगों और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर यात्रा टालने के लिए जागरूक किया जाए।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, सचिन कुर्वे, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, सचिव विनोद कुमार सुमन, धीराज गर्ब्याल और एडीजी वी. मुरूगेशन सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

हाइलाइटर:-
:- मानसून से पहले चारधाम यात्रा मार्गों पर बढ़ाई गई सतर्कता

:- होल्डिंग एरिया में हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश

:- बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *