संविधान दिवस पर ‘लोकतंत्र की आधारशिला: संविधान निर्माण’ नाटक का भव्य आयोजन, संविधान सभा की बहसों और लोकतांत्रिक मूल्यों का किया सजीव चित्रण
देहरादून। संविधान दिवस के अवसर पर डीडी कॉलेज के सभागार में ‘लोकतंत्र की आधारशिला: संविधान निर्माण’ विषय पर भव्य एवं प्रभावशाली नाटक का मंचन किया गया। विधि संकाय के विद्यार्थियों ने अपने शानदार अभिनय के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान सभा की बहसों और लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विदुषी निशंक, विशिष्ट अतिथि डॉ. रविंद्र कुमार सैनी, चेयरमैन जितेंद्र यादव, विधि प्राचार्य डॉ. प्रवीण राठी तथा कॉलेज प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने दीप प्रज्वलित कर और मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ किया। इसके बाद चेयरमैन जितेंद्र यादव और डॉ. प्रवीण राठी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों को वर्ष 1946 से 1949 के ऐतिहासिक कालखंड में पहुंचा दिया। विद्यार्थियों ने संविधान सभा के सजीव चित्रण और महत्वपूर्ण बहसों को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से मंच पर उतारा। सशक्त संवाद, आकर्षक मंच सज्जा और कलाकारों के जीवंत प्रदर्शन ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. विदुषी निशंक ने अपने उद्बोधन में विधि संकाय द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का वर्तमान और भविष्य हैं। उन्हें देश के हित को सर्वोपरि रखकर अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. रविंद्र कुमार सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को ‘फर्स्ट मनी’ के स्थान पर ‘फर्स्ट नेशन’ की विचारधारा से प्रेरित होकर कार्य करना चाहिए।
चेयरमैन जितेंद्र यादव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विधि संकाय के शिक्षकों और नाटक के सभी कलाकारों को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. क्षमा कौशिक ने ‘प्रथम राष्ट्र’ के मूल मंत्र पर आधारित कविता का प्रभावशाली पाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन विधि संकाय की असिस्टेंट लेक्चरर मिस वैदेही तथा कुमारी चरणजीत कौर ने किया। डॉ. मयंक बंगारी ने संक्षिप्त उद्बोधन के साथ आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।