आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि पर निर्णय के लिए मुख्यमंत्री अधिकृत; हरिद्वार में 21.08 किमी लंबा पॉड टैक्सी कॉरिडोर, चीनी मिलों को ₹207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को देहरादून में हुई उत्तराखण्ड मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी गई। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
कैबिनेट ने वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इसके साथ ही हरिद्वार में ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना, सामाजिक सुरक्षा नियमावली, ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रख-रखाव नीति सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
आशा कार्यकर्ताओं को 1700 रुपये की राहत
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि का निर्णय लिया। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी
वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह संशोधन 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगा। इसके लिए उत्तराखण्ड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा।
हरिद्वार में 21.08 किमी लंबी पॉड टैक्सी परियोजना
हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘हरिद्वार दर्शन’ पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी परियोजना के निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर कैबिनेट ने निर्णय लिया।
परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा पहला कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 15 स्टेशन होंगे। सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबे दूसरे कॉरिडोर में चार स्टेशन प्रस्तावित हैं। गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबे तीसरे कॉरिडोर में दो स्टेशन होंगे।
तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर और प्रस्तावित स्टेशनों की संख्या 21 होगी। परियोजना के लिए 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। निर्माण कार्य के लिए पांच वर्ष की अवधि हेतु दो हेक्टेयर अतिरिक्त अस्थायी भूमि भी प्रस्तावित है।
चीनी मिलों को ₹207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी
पेराई सत्र 2026-27 में सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए ₹207.75 करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति प्रदान किए जाने का प्रस्ताव कैबिनेट ने मंजूर किया। इसका उद्देश्य गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित करना है। यह गारंटी बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों के लिए प्रस्तावित है।
सामाजिक सुरक्षा नियमावली 2026 को मंजूरी
कैबिनेट ने सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के अंतर्गत उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित किए जाने का निर्णय लिया। इसके तहत संगठित और असंगठित कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की व्यवस्था की जाएगी। असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित किए जाने का प्रावधान है। सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन सहित कर्मकारों के नामांकन, ग्रेच्युटी और अन्य सामाजिक सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी नियमावली में शामिल हैं।
भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में संशोधन
कैबिनेट ने महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की व्यवस्था में संशोधन को मंजूरी दी। अब शासनादेश दिनांक 1 अगस्त 2025 के स्थान पर 6 अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार शुल्क दरें निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया है। सरकार का उद्देश्य वैधानिक और नियोजित विकास को बढ़ावा देना तथा अवैध प्लॉटिंग और अनियंत्रित निर्माण पर अंकुश लगाना है।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित किया जाएगा।
ईएसआई योजना में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी शैक्षिक योग्यता में शामिल किया जाएगा।
एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा की भर्ती और नियुक्ति संबंधी सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए संशोधन नियमावली को मंजूरी दी गई।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो वर्ष की अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉण्ड व्यवस्था को अनुमन्य करने पर सहमति दी गई।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव के लिए वर्ष 2024 की नीति को अधिक्रमित कर नई नीति 2026 लागू की जाएगी।
निर्माण कार्यों में रुचि न दिखाने और कार्य प्रारंभ न करने के कारण एनएचआईडीसीएल को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया।
उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई।
उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली, 2026 को अनुमोदित किया गया।
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे।
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया गया, जबकि क्षतिपूर्ति शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया। रॉयल्टी की बढ़ी हुई दरें पूर्ववत स्थगित रहेंगी।
राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली के संबंध में मंत्रिमंडल की उप समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
भवन निर्माण एवं विकास उपविधि में भू-खण्ड क्षेत्रफल और भवन उपयोग के आधार पर शिथिलीकरण के स्तर निर्धारित किए जाएंगे।
बापूग्राम आरक्षित वन, ऋषिकेश की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। आगे का प्रस्ताव वन विभाग प्रस्तुत करेगा।
उत्तराखण्ड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
उत्तराखण्ड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति की गई।
डॉ. दिनेश चन्द्र ध्यानी, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक को समान सेवा लाभ प्रदान किए जाने के प्रकरण को अनुमोदन दिया गया।
कैबिनेट के इन फैसलों में कर्मचारी कल्याण, भर्ती आयु सीमा में राहत, गन्ना किसानों के भुगतान, सामाजिक सुरक्षा और शहरी परिवहन से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रहे।
…