सीएचसी रायपुर में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे जाना हाल

सुबोध उनियाल बोले— अस्पतालों में दवा, जांच और इलाज की बेहतर व्यवस्था हो सुनिश्चित

देहरादून, 22 मई। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक ड्यूटी पर उपस्थित मिले, जिस पर मंत्री ने संतोष जताया। उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार, समय पर जांच और अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के पर्चा काउंटर, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, इमरजेंसी वार्ड और भर्ती मरीजों के वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल पहुंचे मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। मंत्री ने शुक्रवार को संचालित ईसीजी ओपीडी का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सीएचसी रायपुर की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नए भवन के बनने से क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा और अस्पताल की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।

अंत में मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, दवाइयां और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

……………….

“मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े, यह स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” — स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल

…………………..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *