श्रमिकों के हितों को लेकर संवेदनशील सरकार : मदन कौशिक
टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल से आपदा प्रबंधन मंत्री ने की बातचीत, आर्थिक सहायता और दीर्घकालिक राहत की मांगों पर सुनीं समस्याएं
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य सरकार टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। राहत एवं बचाव अभियान के साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
इसी क्रम में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी ई लिमिटेड, विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना, पीपलकोटी के श्रमिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से हादसे के बाद उत्पन्न परिस्थितियों, श्रमिकों की समस्याओं और उनकी मांगों की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता, आजीविका की दीर्घकालिक व्यवस्था, घायल श्रमिकों को आर्थिक सहायता एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके साथ ही श्रमिक प्रतिनिधियों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की।
मंत्री मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से श्रमिकों की ओर से रखी गई मांगों और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से समन्वय और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं श्रमिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।