एन्जॉय एफसी और रोंग एफसी ने दर्ज की शानदार जीत, डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत बने मैच कमिश्नर

:- दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस पर राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज

देहरादून। क्लेमेंटटाउन स्थित तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड में ढोंडूपलिंग फुटबॉल क्लब द्वारा तिब्बती समाज के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 12 प्रमुख टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट में ढोंडूपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, मसूरी यूनाइटेड एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर्स एफसी, कोको देकलिंग एफसी, पोंटा चेस्लुम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी और नई बस्ती एफसी प्रतिभाग कर रही हैं।

प्रतियोगिता के लिए डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनके साथ रेफरी दोर्जी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, रोशन चंद, अमन जखमोला, चर्चिल राणा और विमल सिंह रावत मैच संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यह टूर्नामेंट एक सप्ताह तक चलेगा।

एन्जॉय एफसी ने जीता उद्घाटन मुकाबला

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मसूरी यूनाइटेड एफसी और एन्जॉय एफसी के बीच खेला गया, जिसमें एन्जॉय एफसी ने 2-0 से शानदार जीत दर्ज की। एन्जॉय एफसी की ओर से रोहित गुसाईं ने 25वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि सिद्धांत ने 60वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

रोंग एफसी की एकतरफा जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में रोंग एफसी ने गोरखा इलेवन एफसी को 7-0 से करारी शिकस्त दी। रोंग एफसी की ओर से के.सी. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल दागे। उन्होंने 15वें, 20वें, 28वें, 55वें और 60वें मिनट में गोल किए। इसके अलावा सूरज ने 58वें मिनट और दिव्यांश ने 50वें मिनट में एक-एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

टूर्नामेंट के आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी और गोम्पो सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

मैच कमिश्नर डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में आयोजित फीफा विश्व कप के दौरान लागू किए जा रहे नए फुटबॉल नियमों को इस प्रतियोगिता में भी अपनाया गया है। इसके लिए टूर्नामेंट से पूर्व रेफरियों के लिए एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें नए रेफरियों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि नए नियमों के प्रयोग से खिलाड़ी, कोच और रेफरी सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपडेट रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *