:- करीब चार साल के कार्यकाल में दी नई दिशा, टीम भावना और पारदर्शिता के लिए सराहे गए
देहरादून, 21 अप्रैल 2026। सहायक निदेशक एवं जिला सूचना अधिकारी बद्री चंद नेगी के सूचना निदेशालय में स्थानांतरण के उपलक्ष्य में मंगलवार को देहरादून जिला सूचना कार्यालय परिवार द्वारा उन्हें स्नेहिल एवं भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नेगी ने 03 जनवरी 2022 को देहरादून में जिला सूचना अधिकारी का कार्यभार संभाला था। अपने लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने निष्ठा, समर्पण और दक्षता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए विभागीय कार्यों को नई दिशा दी। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और मानवीय संवेदनाओं का संतुलित समन्वय देखने को मिला।
उनके नेतृत्व में सूचना तंत्र और जनसंपर्क गतिविधियों को नई गति मिली। उन्होंने टीम भावना को मजबूत करते हुए समन्वित और ऊर्जावान कार्यसंस्कृति विकसित की। चुनौतियों को अवसर में बदलने की उनकी क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित किया।
विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि नेगी का मार्गदर्शन और स्नेह सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और नई जिम्मेदारियों में निरंतर सफलता की कामना की।