:- चोरी का सामान बरामद, नशे की लत पूरी करने के लिए दिया वारदात को अंजाम
देहरादून, 30 अप्रैल 2026: जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रायपुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को तपोवन मार्ग लेन नंबर-03 रायपुर निवासी श्रीमती मीना गुरूंग ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर द्वारा पानी की मोटर, ग्लैंडर मशीन, गैंती, बिजली के तार सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
सघन चेकिंग अभियान के दौरान 30 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुद्वारा रोड रायपुर के पास से आरोपी भोला नदाफ उर्फ दिलशाद (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वह चोरी का सामान कबाड़ी को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
भोला नदाफ उर्फ दिलशाद पुत्र फिदीश, निवासी बिहारी बस्ती रायपुर, देहरादून (मूल निवासी – सीतामढ़ी, बिहार), उम्र 19 वर्ष।
बरामद सामान:
एक वाइब्रेटर मशीन
एक ग्लैंडर मशीन
एक हरे रंग की पानी की मोटर
तांबे के तार के तीन बंडल
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक अजय भट्ट, कांस्टेबल दिनेश सेमवाल, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह