हल्द्वानी में ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण पर कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन, थानों में दी तहरीर

भाजपा की ‘भेदभाव वाली मानसिकता’ का शुद्धिकरण हो : कांग्रेस; दोषियों पर कार्रवाई की मांग, 1 सितंबर को सचिवालय कूच

देहरादून, 31 अगस्त 2026। हल्द्वानी में आठ अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के प्रकरण को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में कोतवालियों, थानों और पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों में पहुंचकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर लिखित तहरीर दी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसी लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष समाज में किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता की उपस्थिति के बाद सार्वजनिक मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया जाना सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध है। उन्होंने इसे संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी खिलाफ बताया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घटना को लेकर पर्याप्त समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। पार्टी ने पुलिस प्रशासन को दी गई तहरीरों में संबंधित असामाजिक तत्वों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की भूमिका की भी जांच करने तथा कानून के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून का शासन सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के नेता के खिलाफ आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि की शिकायत मिलने पर पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि तहरीरों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगी। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा नफरत, भेदभाव और राजनीतिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

1 सितंबर को सचिवालय कूच

कांग्रेस नेता दसौनी ने बताया कि इस गंभीर प्रकरण के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से लगातार आवाज उठाई जा रही है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के निर्देश पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में एक सितंबर को सचिवालय कूच किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 10:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से सचिवालय के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस ने इसे हल्द्वानी प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अपने आंदोलन की अगली कड़ी बताया है।

……….

खड़गे की जनसभा के बाद ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ पर कांग्रेस का विरोध, दून की नगर कोतवाली में दी शिकायत

:- प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की

देहरादून, 31 अगस्त। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देहरादून कोतवाली पहुंचकर मामले में लिखित शिकायत दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी। इसके दो दिन बाद कुछ लोगों ने मैदान में यज्ञ करने के साथ गंगाजल का छिड़काव कर उसे कथित तौर पर ‘शुद्ध’ करने का प्रयास किया। कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव और सामाजिक अपमान की मानसिकता का प्रदर्शन बताते हुए संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मांग की कि मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 21वीं सदी के भारत में किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर किसी सार्वजनिक स्थान को ‘अपवित्र’ बताकर उसका ‘शुद्धिकरण’ करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति के सम्मान से जुड़ा नहीं है, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक की गरिमा से जुड़ा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जाति के नाम पर भेदभाव और अपमान करने वालों को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, राजपुर रोड के पूर्व विधायक राजकुमार, जसविंदर सिंह गोगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *