दोस्तों के बीच चल रही थी पार्टी, चिकन के टुकड़ों को लेकर हुआ विवाद, युवक ने दोस्त के सीने में घोंपा चाकू

:- कर्नाटक के बेलगावी में पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत; आरोपी ने हादसा बताकर बचने की कोशिश की

बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पार्टी के दौरान चिकन के टुकड़ों को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना मुदलागी तालुक के हुनाश्याल पीजी गांव की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के कबीरगंज गांव निवासी सीताराम के रूप में हुई है। सीताराम मुदलागी की प्रिया स्टील कंपनी में काम करता था। इसी कंपनी में काम करने वाला अरुण कुमार भी कबीरगंज का ही रहने वाला है और दोनों एक-दूसरे के दोस्त बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान थाली में रखे चिकन के टुकड़ों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। अरुण का आरोप था कि सीताराम उससे ज्यादा चिकन के टुकड़े खा रहा था। देखते ही देखते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

आरोप है कि गुस्से में अरुण ने चाकू निकालकर सीताराम के सीने में वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी गंभीर रूप से घायल सीताराम को गोकक सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां उसने चिकित्सकों को बताया कि सीताराम किसी इमारत से गिरकर घायल हुआ है।

हालांकि, अस्पताल प्रशासन और पुलिस को आरोपी की कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस ने अरुण को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उधर, अस्पताल में उपचार के दौरान सीताराम की मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामूली विवाद में हुई इस वारदात ने एक बार फिर गुस्से में उठाए गए हिंसक कदम के गंभीर परिणाम को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *