:- पर्यावरण, जल संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में चलाया सफाई अभियान
देहरादून, 24 सितंबर। डीडी कॉलेज देहरादून में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस को उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समाज सेवा और जनजागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया। यह आयोजन स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान से भी जुड़ा रहा।
कार्यक्रम अधिकारी मयंक बंगारी ने विद्यार्थियों को NSS के मूल मंत्र “नॉट मी बट यू” यानी “मैं नहीं बल्कि आप” की महत्ता समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता एवं जागरूकता रैली निकाली। कॉलेज परिसर जामुनवाला से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर के आसपास के क्षेत्र और पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज की समस्त फैकल्टी ने सक्रिय भागीदारी की।