स्वास्थ्य शिविर में 163 लोगों की सामान्य ओपीडी, 75 की हुई एनसीडी स्क्रीनिंग

:- विधायक बृज भूषण गैरोला ने किया शिविर का शुभारंभ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेश शर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण

डोईवाला, 25 सितंबर 2026। विकासखण्ड डोईवाला परिसर में शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से आमजन को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर का शुभारंभ डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला ने किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी भी उपस्थित रहे। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून डॉ. हितेश शर्मा ने भी शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर सेवाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिविर में सामान्य ओपीडी के माध्यम से 163 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, जबकि 75 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग की गई। आरकेएसके के तहत 60 और आरबीएसके के तहत 55 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा 50 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग और 40 लोगों की एक्स-रे जांच की गई।

फैमिली प्लानिंग कार्यक्रम के तहत 48 तथा एएनसी के तहत 12 लाभार्थियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श दिया गया। वहीं 13 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में नेत्र, ईएनटी और अस्थि रोग से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं तथा दो दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किए गए।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला की चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल टीम के साथ विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जांच और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी।

चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला, डॉ. प्रताप सिंह रावत ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विधायक बृज भूषण गैरोला, नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हितेश शर्मा सहित सभी चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाने के साथ विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *