चारधाम यात्रा 2026: ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर, 30 मोबाइल टीमें तैनात

डीएम सविन बंसल के निर्देश—24×7 कंट्रोल रूम, मुफ्त चाय-नाश्ता, मेडिकल टीम और सफाई के लिए 50 लाख मंजूर

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 15 अप्रैल 2026। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के दिन होने जा रही है। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद डीएम ने पंजीकरण कक्ष, यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल और सड़क मरम्मत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।

डीएम ने पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में 24 पंजीकरण काउंटर तथा आईएसबीटी में 6 काउंटर पूरी तरह सक्रिय रहें। अधिकारियों ने बताया कि पंजीकरण के लिए 30 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं, जिनमें 25 टीमें दिन में और 5 टीमें रात्रि से तड़के तक होटल, सराय और धर्मशालाओं में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी।

धर्मशाला, आश्रम और सरायों में 7100 बेड चिन्हित किए गए हैं।

24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम और यात्री सहायता केंद्र

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में बड़ी स्क्रीन लगाई जाए, जिसमें होटल-धर्मशालाओं के संपर्क नंबर, उपलब्ध बेड और अन्य जरूरी जानकारी लगातार प्रदर्शित हो।

साथ ही इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, जिसमें सभी विभागों के कार्मिक तैनात रहेंगे। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का अलग कंट्रोल रूम भी संचालित होगा।

डीएम ने अलग यात्री सहायता केंद्र संचालित करने के भी निर्देश दिए।

मेडिकल, पेयजल और मोबाइल शौचालय की पुख्ता व्यवस्था

डीएम ने ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश और हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीम तैनात करने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि यात्रा पड़ावों के लिए 06 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 03 टीमें ऋषिकेश और 03 टीमें हरबर्टपुर में रहेंगी।

इसके अलावा यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों और बैरियरों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, टेंट और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यात्रियों को मिलेगा मुफ्त चाय-नाश्ता और भोजन

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था बनाई जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों और अन्य सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा।

पेयजल निगम की अनुमति निरस्त, 19 अप्रैल से पहले सड़कें दुरुस्त हों

पेयजल लाइन बिछाने का कार्य निर्धारित समय तक पूरा न होने पर डीएम ने उत्तराखंड पेयजल निगम की कार्य अनुमति निरस्त कर दी। साथ ही यात्रा सीजन तक सभी खुदाई कार्यों की अनुमति रद्द करते हुए 19 अप्रैल से पहले खोदी गई सड़कों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।

पीडब्ल्यूडी, एनएच और एनएचआई के अधिकारियों को यात्रा मार्गों के ब्लैक स्पॉट समयबद्ध ठीक करने के निर्देश भी दिए गए।

सफाई के लिए नगर निगम ऋषिकेश को 50 लाख मंजूर

यात्रा सीजन में सफाई और फॉगिंग व्यवस्था मजबूत करने के लिए डीएम ने नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से मौके पर ही 50 लाख रुपये स्वीकृत किए।

साथ ही ट्रांजिट कैंप की सफाई में लापरवाही बरतने और कर्मचारियों का वेतन न देने वाली अनुबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह, एसपी ग्रामीण जया बलूनी, नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *