नारी शक्ति वंदन अधिनियम से सशक्त भारत की नई इबारत : माला राज्य लक्ष्मी शाह

बोलीं सांसद टिहरी- महिलाओं की निर्णायक भागीदारी से लोकतंत्र होगा और मजबूत : माला राज्य लक्ष्मी शा8ह

सांसद टिहरी गढ़वाल माला राज्य लक्ष्मी शाह

देहरादून/टिहरी गढ़वाल। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम और युगांतकारी अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। यह केवल एक विधायी उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को समान अवसर, सम्मान और निर्णायक भागीदारी प्रदान करने का सशक्त संकल्प है।

इस अवसर पर सांसद टिहरी गढ़वाल माला राज्य लक्ष्मी शाह ने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, संवेदनशील और दृढ़ नेतृत्व के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णय प्रक्रिया में सहभागी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीय महिलाओं के सपनों, संघर्षों और उम्मीदों को नई दिशा देने वाला व्यापक सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तन का माध्यम है। इसके माध्यम से महिलाओं की भागीदारी पंचायत से लेकर संसद तक और अधिक सुदृढ़, संगठित एवं प्रभावशाली होगी, जिससे लोकतंत्र की जड़ों को मजबूती मिलेगी।

उत्तराखंड की मातृशक्ति का गौरवशाली योगदान

देवभूमि उत्तराखंड की पावन भूमि वीरांगनाओं और मातृशक्ति के अद्वितीय योगदान के लिए जानी जाती है। स्वतंत्र भारत की पहली महिला सांसद राजमाता कमलेंदु मति शाह से लेकर रानी कर्णावती, तिलू रौतेली, गौरा देवी और पर्वतारोही बचेंद्री पाल जैसी प्रेरणास्रोत विभूतियों ने समाज में महिलाओं की भूमिका को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं।

इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनते हुए हम सभी गौरवान्वित हैं। उत्तराखंड की महिलाएं सदियों से विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी अद्वितीय साहस, त्याग, श्रम और समर्पण का परिचय देती रही हैं। उन्होंने न केवल अपने परिवारों को सशक्त बनाया है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे वास्तव में समाज की आत्मा और विकास की आधारशिला हैं।

हर क्षेत्र में बेटियों का परचम

आज भारत की बेटियां अंतरिक्ष, विज्ञान, रक्षा, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और स्टार्टअप जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। यह नए भारत की आत्मविश्वासी, आत्मनिर्भर और सशक्त नारी शक्ति का जीवंत प्रमाण है।

माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के माध्यम से महिलाओं को राजनीति एवं शासन व्यवस्था में अधिक अवसर प्राप्त होंगे, जिससे वे नीति निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। यह अधिनियम न केवल अधिकार प्रदान करेगा, बल्कि महिलाओं को नेतृत्व, सम्मान और नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम भी बनेगा।

हर वर्ग की महिलाओं को मिलेगा समान अवसर

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यह अधिनियम किसी एक दल या वर्ग विशेष की महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के सभी वर्गों, समुदायों एवं पृष्ठभूमियों से आने वाली महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करता है। यही समावेशी दृष्टिकोण इस अधिनियम की वास्तविक शक्ति है, जो प्रत्येक महिला को सशक्त बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिया गया यह ऐतिहासिक निर्णय “सशक्त नारी, सशक्त भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह पहल देश को अधिक समावेशी, न्यायपूर्ण और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अंत में उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री का पुनः हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं संतुलित बनाएगा तथा देश को नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *