टपकेश्वर महादेव के दरबार से कांग्रेस की न्याय यात्रा का आगाज, प्रीतम सिंह के नेतृत्व में जनता के बीच उतरेगी पार्टी

:- जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने शुरू किया अभियान, देहरादून के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी पदयात्रा

:- राजपुर और मसूरी से आगे बढ़ेगी न्याय यात्रा, सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश में भी होगा जनसंपर्क

देहरादून। उत्तराखंड में जनता से जुड़े मुद्दों, अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने न्याय यात्रा के जरिए जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ न्याय यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा निकालकर जनता की समस्याएं सुनेंगे और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे।

न्याय यात्रा के शुभारंभ से पहले प्रीतम सिंह ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना की। इसके बाद कांग्रेस ने देहरादून के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालने के कार्यक्रम की जानकारी दी।

घंटाघर और पलटन बाजार से होकर गुजरेगी न्याय यात्रा

कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान घंटाघर और पलटन बाजार सहित प्रमुख क्षेत्रों में जनसंपर्क करते हुए यात्रा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंचेगी। इसी क्रम में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भी न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी।

जनता की समस्याएं सुनना और अधिकारों की लड़ाई लड़ना मुख्य उद्देश्य

कांग्रेस के अनुसार, न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और जनहित से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना है। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि न्याय यात्रा केवल राजनीतिक पदयात्रा नहीं, बल्कि आम जनता के दुख-दर्द और अधिकारों से जुड़ा व्यापक जनसंपर्क अभियान बनेगी। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे।

देहरादून के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी निकलेगी यात्रा

कांग्रेस ने न्याय यात्रा को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की तैयारी की है। आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश सहित प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।

पार्टी का कहना है कि न्याय, सम्मान और जनहित के मुद्दों पर उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जनता के अधिकारों की रक्षा और अन्याय के विरोध में कांग्रेस सड़क से सदन तक अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।

न्याय यात्रा के शुभारंभ पर ये नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रीतम सिंह के साथ पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना, संचार सचिव वैभव वालिया, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अश्विनी बहुगुणा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर जोगी, वीरेंद्र पोखरियाल, संग्राम सिंह पुंडीर, अभिनव थापर, सुशांत बोरा, मनमोहन शर्मा, गौतम नौटियाल, पीयूष गौड़, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, राहुल मनवाल, सोनिया आनंद, अनूप कपूर और अमित रावत सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *