संविधान दिवस पर डी डी कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया विधानसभा भवन का भ्रमण

विधायी प्रक्रिया, सदन की कार्यप्रणाली और संविधान के महत्व की दी गई जानकारी

देहरादून, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर डी डी कॉलेज देहरादून के कला, वाणिज्य, कृषि एवं बीएड विभाग के विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं और संविधान के महत्व से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया गया।

प्रातः 11 बजे कॉलेज के प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में लगभग 35 विद्यार्थियों का दल विधानसभा भवन पहुंचा। सुरक्षा जांच के बाद विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें सदन के भीतर ले जाकर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को सदन की संरचना, कानून निर्माण की प्रक्रिया, विधानसभा के विभिन्न सत्रों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विधानसभा स्थित पुस्तकालय का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर डी डी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने विधानसभा सचिव डॉ. हेम चंद्र पंत का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। उन्हें कॉलेज की पत्रिका भी भेंट की गई। विधानसभा सचिवालय की ओर से विद्यार्थियों को स्मृति स्वरूप उपहार और अल्पाहार प्रदान किया गया।

भ्रमण के दौरान प्राचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला, डॉ. दिव्यांशी दुबे, डॉ. नवीन कंडवाल, पलक मदान, अरिहा साहनी, शिल्पा तनेजा सहित अन्य उपस्थित रहे।

यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। विद्यार्थियों को लोकतंत्र के महत्वपूर्ण संस्थान को करीब से देखने और उसकी कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *