धामी सरकार ने जारी किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों के रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, औद्योगिक विकास, पर्यटन, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय से उत्तराखण्ड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने योजनाओं के निर्माण के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक लाभ पहुंचाने पर ध्यान दिया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।
रोजगार, शिक्षा और युवाओं के लिए नए अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है। राज्य में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य भी बना है।
महिला सशक्तीकरण और किसान कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, मंडुआ के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल समर्थन मूल्य तथा पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई है।
निवेश प्रस्तावों में एक लाख करोड़ से अधिक धरातल पर
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में नीति आयोग की ओर से प्रथम स्थान मिला है।
स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है।
सड़क और रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा होने, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा होने तथा करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम जारी होने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2,826 सड़कों के निर्माण से 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है।
पर्यटन, ऊर्जा और सुशासन में उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है तथा 100 ट्रैकिंग और हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं।
उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, भू-कानून, ऑनलाइन सरकारी सेवाओं और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है और अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन, खेल, पेयजल, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करना है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।