सीएचसी डोईवाला में रक्तदान शिविर, 8 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, 40–50 लोगों ने भविष्य में रक्तदान का लिया संकल्प

डोईवाला, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोईवाला में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला के निर्देशानुसार किया गया।

शिविर का शुभारंभ विधायक बृजभूषण गैरोला ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ‘आशीर्वाद का दिया’ थीम पर दीप प्रज्वलित कर सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

विधायक बृजभूषण गैरोला ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वैच्छिक रक्तदान में आगे आने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर का आयोजन सीएचसी डोईवाला और हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी), जॉलीग्रांट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में 8 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर 8 यूनिट रक्त दिया। वहीं, शिविर में मौजूद करीब 40 से 50 लोगों ने भविष्य में स्वैच्छिक रक्तदान करने का संकल्प लिया।

सीएचसी डोईवाला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने अतिथियों, रक्तदाताओं, एचआईएचटी जॉलीग्रांट की टीम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य टीम तथा सहयोगी कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

शिविर के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएचसी डोईवाला, एचआईएचटी जॉलीग्रांट की टीम और समस्त कर्मचारियों का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *