नशा रोकथाम पर डी.डी. कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता

:- विद्यार्थियों ने पोस्टरों के जरिए ड्रग्स, शराब और सिगरेट के दुष्प्रभावों का दिया संदेश

देहरादून, 17 सितंबर। डी.डी. कॉलेज, निम्बूवाला, देहरादून में नशा मुक्ति एवं रोकथाम विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता कॉलेज के लॉ विभाग की ओर से आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों के माध्यम से ड्रग्स, शराब और सिगरेट के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नशा रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश पहुंचाना था।

प्रतियोगिता के परिणाम

प्रतियोगिता में अज़ाज़ अहमद ने प्रथम, चरनजीत कौर ने द्वितीय तथा वंशिका बोहत और सुप्रिया ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *