60 किमी दौड़कर कलम सिंह बिष्ट देंगे हिमालय और संस्कृति संरक्षण का संदेश

:- 18 सितंबर को मुन्दोली से बेदनी बुग्याल तक दौड़, पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान का करेंगे आह्वान

चमोली। हिमालय के पर्यावरण, प्राकृतिक विरासत और समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल धावक कलम सिंह बिष्ट 18 सितंबर 2026 को 60 किलोमीटर की विशेष दौड़ लगाएंगे। ‘रन फॉर सेफ कल्चर एंड हिमालयास’ के तहत यह दौड़ सुबह ग्राम मुन्दोली से शुरू होकर बेदनी बुग्याल तक जाएगी और वहां से वापस मुन्दोली पहुंचकर पूरी होगी।

मुन्दोली से करीब 7,300 फीट की ऊंचाई से शुरू होने वाली यह दौड़ लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित बेदनी बुग्याल तक पहुंचेगी। दौड़ के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और मां नंदा देवी के यात्रियों को हिमालय के पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश दिया जाएगा।

इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व कलम सिंह बिष्ट करेंगे। वह पूर्व सेना कर्मी और अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल धावक हैं। उन्हें COAS एवं GOC-in-C पुरस्कार के साथ राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। वह अनंत नन्दा फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक भी हैं।

कलम सिंह बिष्ट का कहना है कि हिमालय केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपराओं, आस्था और स्थानीय जीवनशैली का आधार भी है। इसलिए हिमालयी क्षेत्रों, बुग्यालों, जंगलों और जलस्रोतों को कूड़ा-कचरे एवं प्लास्टिक से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही स्थानीय रीति-रिवाजों और परंपराओं का सम्मान किया जाना भी जरूरी है।

‘रन फॉर सेफ कल्चर एंड हिमालयास’ के माध्यम से युवाओं को प्रकृति संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा। इस अभियान के जरिए लोगों से हिमालय को सुरक्षित रखने के साथ संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में सहयोग देने की अपील की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *