यूजेवीएनएल की परियोजनाओं और कार्यालयों में श्रद्धा के साथ मनाई विश्वकर्मा जयंती

:- मुख्यालय उज्ज्वल समेत प्रदेशभर के विद्युत गृहों और निर्माणाधीन परियोजना स्थलों पर हुआ भगवान विश्वकर्मा का पूजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने नवाचार और समर्पण के साथ कार्य करने का लिया संकल्प

देहरादून, 17 सितंबर 2026। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ सहित प्रदेशभर में स्थित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं, विद्युत गृहों और कार्यालयों में भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परियोजना स्थलों एवं कार्यालयों में पारंपरिक विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। साथ ही विभिन्न यंत्रों और औजारों का भी पूजन किया गया।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने निगम मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में आयोजित कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को देवताओं का शिल्पी और ब्रह्मांड का शिल्पकार माना जाता है। अभियंताओं, शिल्पियों और कारीगरों के साथ-साथ विभिन्न पेशेवरों द्वारा भी भगवान विश्वकर्मा की श्रद्धापूर्वक पूजा की जाती है।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र से जुड़ा प्रमुख अभियांत्रिकी उपक्रम है। ऐसे में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को भगवान विश्वकर्मा को आदर्श मानते हुए नवाचार, तकनीकी दक्षता और समर्पण की भावना के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दिया जा सके।

कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह के साथ अधिशासी निदेशक आशिष जैन, महाप्रबंधक संजीव लोहनी, महकार सिंह, भरत भारद्वाज और एस.के. बौंसियाल सहित निगम के अन्य अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *