:- ईद-उल-अज़हा की नमाज़ के बाद मुस्लिम सेवा संगठन ने प्ले कार्ड के साथ दिया पशु संरक्षण और सामाजिक सौहार्द का संदेश
देहरादून। ईद-उल-अज़हा (बकरा ईद) की नमाज़ के बाद ईदगाह परिसर में मुस्लिम सेवा संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने हाथों में प्ले कार्ड लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और सामाजिक सौहार्द, भाईचारे तथा पशु संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, सभ्यता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। देश के करोड़ों लोग गाय को आस्था और सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज हमेशा से आपसी भाईचारे, इंसानियत और राष्ट्रीय एकता का समर्थक रहा है।
आकिब कुरैशी ने सरकार से गाय के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्र पशु घोषित किया जाना चाहिए। इससे उसके संरक्षण को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “गाय को राष्ट्र पशु घोषित करो” लिखे प्ले कार्ड प्रदर्शित कर अपनी मांग रखी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सभी समुदायों के बीच प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।