:- देहरादून में दो दिवसीय योग समागम संपन्न, कनाडा समेत विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने किया योगाभ्यास
देहरादून। योग साधना समूह के दो दिवसीय योग समागम कार्यक्रम के तहत रविवार को लक्ष्मण चौक स्थित धर्मशाला में योग समागम दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। भारत विकास परिषद एवं सचेतना अतुल्य आत्म योग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सफल एवं स्वस्थ जीवन की दिशा में लोगों को प्रेरित करना रहा।
कनाडा योगासना इंटरनेशनल की निदेशक प्रियंका अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित समागम में देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों से आए साधकों ने सहभागिता की। बिहार, चंडीगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और उत्तराखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने योग एवं ध्यान सत्रों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की अध्यक्ष यामा शर्मा उमेश, डॉ. आर.डी. अग्रवाल, चारु राणा, कृष्ण कुमार अरोड़ा, डॉ. विद्या सिंह, के.डी. बैरवा, आशा शर्मा, राम अवतार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पतंजलि योग प्रशिक्षित योग गुरु निशा अतुल्य के मार्गदर्शन में साधकों ने योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय सीखे।
आयोजकों ने बताया कि योग साधना समूह कोविड काल से ही प्रतिदिन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन निःशुल्क योग कक्षाओं का संचालन कर रहा है। समूह की नियमित योग कक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 5:45 बजे से 7 बजे तक आयोजित होती हैं, जिनसे भारत और विदेशों के अनेक साधक जुड़े हुए हैं।