पीएम के नाम ज्ञापन देने जा रहीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता रोकी गईं, ज्योति रौतेला समेत कई हिरासत में

:- कारगी चौक पर पुलिस से तीखी नोकझोंक, “प्रधानमंत्री गो बैक” के नारों के बीच विरोध प्रदर्शन तेज

देहरादून, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपने जा रही उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने कारगी आईएसबीटी रोड स्थित मध्य ब्राह्मणवाला चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा कुछ देर के लिए झड़प जैसे हालात बन गए।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री गो बैक” के नारे लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इसी क्रम में कांग्रेस नेता संजय कनौजिया (कद्दू भाई), मोहन काला और नितिन चंचल को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने जारी बयान में कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है, जबकि सीबीआई जांच में हो रही देरी से जनता में आक्रोश बढ़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। साथ ही निजी विद्यालयों की मनमानी फीस वृद्धि और शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि अवैध खनन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर भी सरकार गंभीर नहीं दिख रही। एलपीजी गैस की कमी से आम जनता के साथ होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े व्यापारी भी संकट झेल रहे हैं, जो आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए और चिंताजनक है।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमलों की बढ़ती घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि इन ज्वलंत मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र और व्यापक आंदोलन करेगी।

इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव शोभा बडोनी, रुचि रौतेला, बबीता, मधु उनियाल, स्वीकृति, पार्षद लख्खी बाग आयुष गुप्ता, पूर्व पार्षद बंजारावाला ललित भद्री, पूर्व प्रदेश सचिव फारूक, धर्मपुर विधानसभा उपाध्यक्ष गौरव रावत, अभिषेक डोबरियाल, शशांक जोशी, अरुण टम्टा, सोनू तिवारी और अनुज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री से सवाल पूछना लोकतंत्र में संवैधानिक अधिकार है, लेकिन मौजूदा शासन में इस अधिकार पर कुठाराघात किया जा रहा है।

“सवाल पूछना हमारा संवैधानिक अधिकार”

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रधानमंत्री से सवाल पूछना जनता और विपक्ष का संवैधानिक अधिकार है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शांतिपूर्ण ज्ञापन देने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोककर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *