देहरादून के क्लेमेनटाउन में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति फरार

:- पति ने कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी को गोली मारने की दी सूचना, मौके पर मृत मिली 26 वर्षीय काजल; तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

देहरादून, 21 सितंबर 2026। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया। घटना की सूचना स्वयं महिला के पति धीरज पंवार द्वारा कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे धीरज पंवार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलने के बाद थाना क्लेमेनटाउन पुलिस टीम ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति के कॉल करने के स्थान की जानकारी जुटाई और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।

पुलिस टीम एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जानकारी में महिला की मौत गोली लगने से होना सामने आया।

मृतका अपने पति धीरज पंवार पुत्र सुशील पंवार, निवासी ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के साथ उक्त स्थान पर रह रही थी। मकान के बगल में मृतका का भाई अभिषेक पुत्र बृजपाल भी रह रहा था।

मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से उसकी बहन और जीजा के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति धीरज पंवार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *