ऊर्जा दक्षता की दिशा में यूजेवीएनएल का बड़ा कदम, लागू होगी ISO 50001 प्रणाली

:- ऊर्जा बचत, परिचालन दक्षता और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी पर रहेगा फोकस

:- 0.1 प्रतिशत ऊर्जा बचत से 5 मिलियन यूनिट ऊर्जा संरक्षण की संभावना

देहरादून। राज्य सरकार के ऊर्जा क्षेत्र के उपक्रम यूजेवीएन लिमिटेड ने ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऊर्जा लेखा परीक्षण (एनर्जी ऑडिट) और ISO 50001 ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा प्रदर्शन में सुधार, परिचालन दक्षता बढ़ाना तथा ऊर्जा संसाधनों के अधिकतम और प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना है।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि ISO 50001 प्रणाली लागू होने से ऊर्जा लागत नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक एवं डेटा आधारित व्यवस्था विकसित होगी। साथ ही ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी लाने और ऊर्जा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे संस्थानों और उद्योगों को ऊर्जा दक्षता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री Narendra Modi के “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान तथा मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के ऊर्जा संरक्षण संबंधी विज़न के अनुरूप लागू की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा सरकारी वाहनों के सीमित उपयोग, साप्ताहिक “नो व्हीकल डे” तथा कार्यालयों में एयर कंडीशनर के नियंत्रित उपयोग जैसे कदम ऊर्जा संरक्षण के प्रति गंभीरता को दर्शाते हैं।

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा दक्षता केवल आवश्यकता नहीं बल्कि आर्थिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि यदि ऊर्जा दक्षता उपायों से केवल 0.1 प्रतिशत ऊर्जा बचत सुनिश्चित होती है तो यूजेवीएन लिमिटेड को लगभग 5 मिलियन यूनिट ऊर्जा की बचत हो सकती है। यह बचत प्रदेश और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड पहले से ISO 9001, ISO 14001, ISO 45001 और ISO 27001 जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन प्रणालियों से प्रमाणित है। अब ISO 50001 लागू होने से कार्यबल के सभी स्तरों पर ऊर्जा जागरूकता और संसाधन संरक्षण की संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।

अजय कुमार सिंह ने प्रदेश के औद्योगिक, वाणिज्यिक और संस्थागत उपभोक्ताओं से ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और ऊर्जा दक्षता उपाय अपनाने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *