:- प्लंबिंग का काम पूरा करने के बाद हुआ विवाद, पेचकस से तीनों पर किया हमला; पुलिस हिरासत में आरोपी, पूछताछ जारी
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। मकान में प्लंबिंग का काम करने पहुंचे युवक ने कथित तौर पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे लूट नहीं बल्कि काम पूरा होने के बाद बुजुर्ग दंपती और आरोपी के बीच हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। मकान में 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्लंबर का काम करता है और बुजुर्ग दंपती से पहले से परिचित था। प्लंबिंग के काम के लिए बुजुर्ग दंपती ने ही उसे मंगलवार को अपने घर बुलाया था।
काम पूरा होने के बाद हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, प्लंबिंग का काम पूरा करने के बाद आरोपी और बुजुर्ग दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से रजनी कपूर पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर नौकरानी शीला उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद रमेश कपूर को भी निशाना बनाया गया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, आरोपी को दबोचा
वारदात के दौरान चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। हालांकि पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को पकड़ने के दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी की।
एंबुलेंस नहीं पहुंची तो वाहनों से अस्पताल ले गए
तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसएसपी देहरादून समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लूट की आशंका से बदला जांच का रुख
शुरुआत में घटना को चेन लूट के विरोध में हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बुजुर्ग दंपती का परिचित था और प्लंबिंग के काम के लिए उन्हें ही उसे घर बुलाया था। पुलिस के अनुसार, काम पूरा होने के बाद हुए विवाद में आरोपी ने कथित तौर पर अकेले ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।