रुद्रप्रयाग, 23 अप्रैल 2026। जनपद रुद्रप्रयाग में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:54 बजे वाहन संख्या UK 13 TA 1991 भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF नियंत्रण कक्ष ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अगस्तमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
घटनास्थल पर पहुंची SDRF टीम ने पाया कि वाहन गहरी खाई में गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। कार में सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। कठिन परिस्थितियों के बीच SDRF टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और अब तक एक शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य दो शवों को निकालने का कार्य जारी है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
नवीन सिंह (30 वर्ष), निवासी औरिंग, रुद्रप्रयाग
अमित सिंह (35 वर्ष), निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
अंशुल (28 वर्ष), निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और SDRF के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।