डीडी पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में जीवंत हुआ आजादी का संघर्ष, बच्चों ने मंच पर दिखाई वीर सपूतों की शौर्यगाथा

:- परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव रहे मुख्य अतिथि, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान का किया मंचन

देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित डीडी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव हिमालयन कल्चर सेंटर में धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘संघर्ष आजादी का’ रही। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से देश की आजादी के संघर्ष, क्रांतिकारियों के बलिदान और वीर सपूतों की शौर्यगाथा को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल की प्रिंसिपल विनीता तोमर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। गणेश वंदना और सरस्वती वंदना के बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके बाद आजादी के संघर्ष पर आधारित प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। विद्यार्थियों ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के क्रांतिकारी प्रसंगों का मंचन कर सभागार में मौजूद दर्शकों को भावुक कर दिया। 1857 की क्रांति, रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस और बलिदान के साथ महात्मा गांधी के स्वतंत्रता आंदोलन, दांडी यात्रा और अंग्रेजों के कानूनों के विरोध से जुड़े प्रसंगों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को आजादी के पीछे छिपे संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना रहा।

मुख्य अतिथि योगेंद्र सिंह यादव ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में सीखने की क्षमता होती है। अभिभावकों को बच्चों में प्रतिदिन कुछ नया सीखने की ललक पैदा करनी चाहिए। बच्चों पर अपनी इच्छाएं नहीं थोपनी चाहिए और न ही उनकी तुलना दूसरे बच्चों से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना जरूरी है। साथ ही मोबाइल फोन का सही इस्तेमाल करने की सलाह भी दी।

प्रिंसिपल विनीता तोमर ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है। स्कूल के चेयरमैन जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि विद्यार्थी जीवन अनमोल होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करने और मोबाइल सहित उन चीजों से दूर रखने का आग्रह किया, जो उनकी एकाग्रता प्रभावित करती हैं। उन्होंने कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुतियों के लिए शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन अंजलि और अंकिता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *