यूजेवीएन लिमिटेड में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती मनाई गई

*एमडी अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का किया आह्वान*

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में आज भारत रत्न, महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी एवं कुशल राजनेता पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह, निदेशक परिचालन श्री जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक वित्त श्री सुधाकर बडोनी, अधिशासी निदेशक मानव संसाधन श्री आशिष जैन सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। अल्मोड़ा के खूंट गांव से निकलकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा स्वतंत्रता के पश्चात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि पंडित पंत जी के आदर्शों को केवल स्मरण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने कार्य एवं व्यवहार में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन, पारदर्शिता एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति तथा उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मौजूदा परियोजनाओं से अधिकतम विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *