छात्रों को सिखाए मानसिक स्वास्थ्य के गुर, याददाश्त बढ़ाने की तकनीकें भी बताईं

:- फोरगिवनेस फाउंडेशन की निशुल्क कार्यशाला में मनोवैज्ञानिक डॉ. पवन शर्मा ने दिए तनावमुक्त जीवन के टिप्स

देहरादून। मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से शनिवार को श्री श्रद्धानन्द बाल वनिता आश्रम, तिलक रोड में छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं बचाव विषय पर निशुल्क कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में प्रख्यात मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. पवन शर्मा (द साइकेडेलिक) ने छात्र जीवन में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने के विभिन्न उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई में मानवीय कल्पनाशीलता की भूमिका समझाई तथा कई रोचक प्रयोगों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के तरीके बताए।

डॉ. शर्मा ने छात्रों को पाठ्यक्रम को लंबे समय तक याद रखने की विशेष तकनीकों से अवगत कराया तथा मानसिक व्यायाम कराकर एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ाने के उपाय भी सिखाए। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने विस्तार से समाधान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलकित, द्युति, मनन और नीर का विशेष सहयोग रहा। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *