• उत्तराखण्ड–यूपी में लूट और अवैध हथियार मामलों में थे सक्रिय
• ऑपरेशन प्रहार के तहत STF की सटीक सूचना व तकनीकी इनपुट से सफलता
देहरादून/हरिद्वार, 22 अप्रैल 2026।
उत्तराखण्ड एसटीएफ और कनखल पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों पर 25 हजार और 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्य में चल रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर सक्रिय गैंगस्टरों और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ ने तकनीकी इनपुट विकसित कर हरिद्वार पुलिस के साथ साझा किया।
संयुक्त टीम ने थाना कनखल और सीआईयू हरिद्वार के सहयोग से कोर्ट रोड रोशनाबाद क्षेत्र से अभियुक्त भानु प्रताप उर्फ गुड्डू (इनाम 25 हजार) निवासी किशोरपुर, थाना हस्तिनापुर, मेरठ तथा राहुल कश्यप (इनाम 5 हजार) निवासी खेड़ी, थाना मवाना, मेरठ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने 22 अक्टूबर 2025 को थाना कनखल क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 313/2025 धारा 309(4), 117(2) BNS दर्ज है।
इसके अलावा भानु प्रताप ने 2 जुलाई 2025 को थाना रानीपुर क्षेत्र में सलेमपुर गेट के पास तमंचे की नोक पर 1.20 लाख रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया था, जिस पर मुकदमा अपराध संख्या 274/2025 धारा 309(4) BNS दर्ज है।
भानु प्रताप उर्फ गुड्डू के खिलाफ हरिद्वार और मेरठ में लूट, शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राहुल कश्यप पर भी लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में एसटीएफ के निरीक्षक यादविन्द्र सिंह बाजवा, अपर उप निरीक्षक मनोज बेनीवाल, कांस्टेबल रवि पंत व दीपक चंदोला शामिल रहे। वहीं कनखल थाना और सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक अनुज सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।