बाल सुरक्षा पर फोकस: देहरादून में जागरूकता अभियान तेज, बच्चों को बताए अधिकार और सुरक्षा उपाय

: छरबा मदरसा व रेसकोर्स आंगनबाड़ी में कार्यक्रम

:- 1098 हेल्पलाइन, पोक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

देहरादून, 22 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, उत्तराखंड द्वारा विकासनगर क्षेत्र के ग्राम छरबा स्थित मदरसा और देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र चंदन नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1098 के महत्व और उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल कल्याण समिति (CWC) और किशोर न्याय बोर्ड (JJB) की भूमिका से भी अवगत कराया गया।

छरबा में आयोजित कार्यक्रम में 55 तथा रेसकोर्स क्षेत्र में 25 बच्चों ने भाग लेकर सक्रिय सहभागिता दिखाई। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में सरल और संवादात्मक तरीके से जानकारी दी गई।

छरबा में सुपरवाइजर रक्षा ने बताया कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में छरबा क्षेत्र से चाइल्ड हेल्पलाइन देहरादून की ओर से रक्षा रावत, स्मृति और प्रदीप उपस्थित रहे, जबकि रेसकोर्स क्षेत्र में सरिता रानी, हिमांशु (वर्कर), सविता गोगिया और रजनीश ने सहभागिता की।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे के साथ शोषण, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देकर मदद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *