:- ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखण्ड-2026 में प्रथम स्थान, श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने दी बधाई
देहरादून। श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज के छात्रों ने प्रतिष्ठित ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखण्ड-2026 में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि छात्रों की यह सफलता उनकी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र भविष्य में भी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान प्रतियोगिताओं, एनसीसी, एनएसएस एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। कॉलेज के छात्र विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुँवर भी छात्र हितों को लेकर लगातार सक्रिय हैं। उनके प्रयासों से कॉलेज में नए पुस्तकालय, कैंटीन, प्रिंसिपल कार्यालय, लेखा विभाग तथा छात्रसंघ कार्यालय के जीर्णोद्धार कार्य पूरे हो चुके हैं। इसके अलावा खेल मैदान के विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
छात्रसंघ अध्यक्ष के आग्रह पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने पीजी कॉलेज से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने पर 50 प्रतिशत शैक्षणिक शुल्क छूट (स्कॉलरशिप) देने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के इस छात्र हितैषी फैसले से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय आर्थिक रूप से सहायक साबित होगा और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उनके सपनों को नई उड़ान देगा।