रिश्वत लेते पकड़ा गया तहसीलदार कार्यालय का पीआरडी कर्मी, सतर्कता टीम की कार्रवाई

:- दाखिल-खारिज के नाम पर मांगे थे 4500 रुपये, शिकायत पर हुई ट्रैप कार्रवाई

रुड़की। भूमि के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) का कार्य कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में तहसीलदार कार्यालय रुड़की में तैनात एक पीआरडी कर्मी को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि तहसीलदार कार्यालय रुड़की में पेशकार का कार्य देख रहे पीआरडी कर्मी संदीप कुमार उसकी बहन की भूमि के दाखिल-खारिज को रजिस्टर में दर्ज कराने के बदले 4500 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

सतर्कता टीम ने गुरुवार को तहसीलदार कार्यालय रुड़की में कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम थिथोला, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने रिश्वत की धनराशि प्राप्त करने के बाद उसे एक अज्ञात व्यक्ति को देकर भगाने का प्रयास किया, जिससे साक्ष्य नष्ट किए जा सकें।

विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा रिश्वत की रकम लेकर फरार हुए अज्ञात व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *