एसजीआरआर के पूर्व छात्र दिगम्बर ने एमएमए में जीता खिताब

:- नोएडा में इंडोनेशियाई खिलाड़ी को हराकर 70 किग्रा वर्ग में स्वर्ण

:- श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया

:- अमिन्दर बिष्ट भी एसजीआरआर का नाम कर रहे रोशन

:- यूएफसी तक पहुंचने का लक्ष्य, लगातार कर रहे कड़ी मेहनत

देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) ग्रुप के पूर्व छात्रों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एसजीआरआर के पूर्व छात्र दिगम्बर सिंह रावत ने मिक्स मार्शल आर्ट (एमएमए) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

नोएडा में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिगम्बर ने इंडोनेशिया के खिलाड़ी अंगा को हराकर 70 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में 10 देशों के 28 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें दिगम्बर ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जीत हासिल की।

वहीं, एसजीआरआर के ही एक अन्य पूर्व छात्र अमिन्दर सिंह बिष्ट भी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

मंगलवार को दोनों खिलाड़ी दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दिगम्बर को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दिगम्बर और अमिन्दर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, कर्णप्रयाग और आदिबदरी से प्राप्त की है। अब दोनों उच्च शिक्षा के लिए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने जा रहे हैं।

दोनों खिलाड़ियों का लक्ष्य अब विश्व की प्रतिष्ठित फाइटिंग लीग यूएफसी में भारत का प्रतिनिधित्व करना है, जिसके लिए वे निरंतर मेहनत कर रहे हैं।

एसजीआरआर ग्रुप के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है और संस्थान के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *