तेज बहाव के बीच मल्टी परपज रोप और थ्रो बैग की मदद से सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया
देहरादून। संतला देवी मंदिर के आसपास नदी के बीच तेज बहाव के कारण फंसे सात लोगों को फायर सर्विस और SDRF की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना रविवार, 19 जुलाई 2026 को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन देहरादून की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। फायर सर्विस और SDRF की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और मल्टी परपज रोप, थ्रो बैग सहित अन्य रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से नदी के बीच फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में सुशील पुत्र इंद्रदेव (26 वर्ष), निवासी सीमाद्वार; मुकेश पुत्र महादेव (35 वर्ष), निवासी बल्लीवाला; प्रेम कुमार पुत्र महेंद्र (27 वर्ष), निवासी सीमाद्वार; रोशन गुप्ता पुत्र जनार्दन (32 वर्ष); राजेश पुत्र महेंद्र (30 वर्ष), निवासी सीमाद्वार; पवन पुत्र इंद्रदेव (25 वर्ष), निवासी सीमाद्वार तथा सूरज पुत्र सिताई (30 वर्ष) शामिल हैं।
रेस्क्यू अभियान में फायर सर्विस टीम की ओर से DVR आकाश चौधरी, FM विनोद, FM भूपेंद्र, WFM अंजलि और WFM शालिनी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सीओ मसूरी, थाना कैंट के पुलिसकर्मी और उपनिरीक्षक भी मौके पर मौजूद रहे। अभियान में स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संयुक्त टीम की तत्परता और समन्वित कार्रवाई के चलते सभी सात लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।