उत्तराखण्ड लोकायुक्त के गठन को अध्यक्ष और सदस्यों के चयन के लिए खोजबीन समिति गठित

:- पूर्व न्यायाधीश आलोक वर्मा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय सर्च कमेटी बनाएगी योग्य नामों का पैनल, चयन समिति को सौंपेगी रिपोर्ट

देहरादून। उत्तराखण्ड में लोकायुक्त के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय खोजबीन समिति (सर्च कमेटी) का गठन कर दिया है। यह समिति लोकायुक्त के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए योग्य एवं उपयुक्त व्यक्तियों के नामों का पैनल तैयार कर चयन समिति को उपलब्ध कराएगी।

कार्मिक एवं सतर्कता सचिव शैलेश बगौली ने बताया कि उत्तराखण्ड लोकायुक्त अधिनियम, 2014 के तहत गठित पांच सदस्यीय चयन समिति की 4 जून 2026 को हुई बैठक में हुए विचार-विमर्श तथा अधिनियम की धारा 4(3) के अंतर्गत प्राप्त संस्तुति के आधार पर खोजबीन समिति का गठन किया गया है।

गठित समिति में उच्च न्यायालय नैनीताल के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) आलोक वर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में उत्तराखण्ड के सेवानिवृत्त मुख्य सचिव इन्दु कुमार पाण्डेय, सुभाष कुमार एवं राधा रतूड़ी को सदस्य नामित किया गया है। इसके अलावा दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल भी समिति की सदस्य होंगी।

सरकार के अनुसार खोजबीन समिति उत्तराखण्ड लोकायुक्त अधिनियम, 2014 की धारा 4(4) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के लिए योग्य व्यक्तियों के नामों का पैनल तैयार करेगी। इसके बाद यह पैनल चयन समिति के अध्यक्ष को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर आगे नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *