:- 13 छात्रों को 15-15 हजार और दो जरूरतमंद विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता, शिक्षण सामग्री व वस्त्र भी वितरित
उत्तरकाशी। नगर पालिका परिषद वाडाहाट में रविवार को सौम्य काशी रोटरी (रोट्रेक्ट) क्लब की ओर से पितृविहीन एवं निर्धन छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोठियाल मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गान के साथ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9 से 12 तक के 13 पितृविहीन छात्र-छात्राओं को 15-15 हजार रुपये नकद छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अलावा दो निर्धन छात्र-छात्राओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। विद्यार्थियों को स्टेशनरी, ट्रैकसूट, सदरी और जूते सहित अन्य उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई।
मुख्य अतिथि रमेश चौहान ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति का सही उपयोग कर शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ें और समाज के लिए प्रेरणा बनें। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोठियाल ने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया तथा युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम को स्वामी देवात्मानंद, स्वामी गुरुप्रिय, नागेंद्र दत्त थपलियाल, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र नौटियाल और प्रताप सिंह बिष्ट ‘संघर्ष’ ने भी संबोधित किया। संचालन प्रताप सिंह बिष्ट ‘संघर्ष’ ने किया।
इस अवसर पर जयवीर सिंह चौहान, राजेंद्र गंगाड़ी, हरीश डंगवाल, धर्मेंद्र, रविंद्र नौटियाल, जयदीप बिष्ट, गुलाब सिंह महर, मोहनलाल अवस्थी, भास्कर रतूड़ी, नीरज नाथ सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं रोटरी क्लब की ओर से अजय पुरी, शैलेंद्र नौटियाल, लीना कुडियाल, मुक्ता गौड़, सुनीता बिष्ट, जमुना प्रसाद उनियाल और मोहन डबराल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।