कांग्रेस को स्पष्ट दृष्टिकोण-पत्र और रोडमैप के साथ जनता के बीच जाने की जरूरत, पिछली उपलब्धियों के आधार पर तैयार होगी आगामी रणनीति
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर जोर देते हुए भाजपा को सत्ता से हटाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य भाजपा को अपदस्थ कर स्वयं को सत्ता में वापस लाना है।
सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस वर्तमान में विपक्ष में है और उसे सत्ता में वापसी के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण-पत्र के साथ ठोस रोडमैप तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास ऐसी समग्र समझ और नीति होनी चाहिए, जिसे राज्य की जनता के साथ साझा किया जा सके।
हरीश रावत के अनुसार कांग्रेस के पास करीब 10 वर्ष तक राज्य में सरकार चलाने का अनुभव है और उसके कार्यकाल की कई उपलब्धियां भी हैं। इन उपलब्धियों को जनता के सामने रखने के साथ ही भाजपा के करीब 17 वर्षों के राजनीतिक सफर और उसके कार्यकाल की उपलब्धियों का तुलनात्मक अध्ययन किया जाना चाहिए। इसी आधार पर अगले पांच वर्षों के लिए कांग्रेस की कार्ययोजना तय की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना होगा कि सत्ता में आने के बाद वह उत्तराखंड के विकास के लिए किस दिशा में काम करेगी। इसके लिए जनता के सामने ठोस विजन और कार्ययोजना रखना जरूरी है।
रावत ने कहा कि कांग्रेस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती भाजपा को सत्ता से हटाने की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भाजपा ने कांग्रेस से सत्ता छीनी थी और अब कांग्रेस को भाजपा से सत्ता वापस लेनी है। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति को धार देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।