:- हर की पैड़ी से शुरू हुई यात्रा, सैकड़ों महिला खिलाड़ी और एथलीट हुए शामिल; वीरभद्र मंदिर में गंगाजल से होगा जलाभिषेक
हरिद्वार/रायवाला, 10 अगस्त। भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करे, इस संकल्प और मनोकामना के साथ उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को ‘ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ का शुभारंभ किया। यात्रा की शुरुआत सुबह करीब 7 बजे हरिद्वार स्थित विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी से हुई।
हर की पैड़ी पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विधिवत पूजा-अर्चना की और भारत में वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों के सफल आयोजन की कामना करते हुए गंगाजल उठाया। इसके साथ ही उन्होंने देश में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संदेश देते हुए संकल्प कांवड़ यात्रा शुरू की।
सैकड़ों महिला खिलाड़ियों और एथलीटों ने लिया हिस्सा
हरिद्वार से शुरू हुई यह यात्रा रायवाला पहुंची, जहां बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ी, एथलीट और स्थानीय नागरिक उत्साह के साथ इसमें शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय और देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।
यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों ने खेल मंत्री रेखा आर्या का स्वागत किया। आयोजन के माध्यम से भारत की खेल क्षमता, खिलाड़ियों के उत्साह और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प को जनभावनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।
वीरभद्र मंदिर में होगा जलाभिषेक
‘ओलंपिक 2036 संकल्प कांवड़ यात्रा’ का समापन सोमवार शाम ऋषिकेश स्थित प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर में होगा। यहां खेल मंत्री रेखा आर्या भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक कर भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने और आयोजन के सफल होने की कामना करेंगी।
इस यात्रा को खेल, आस्था और राष्ट्रहित के संकल्प के संगम के रूप में देखा जा रहा है। यात्रा में खिलाड़ियों और युवाओं की भागीदारी ने इसे विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बना दिया।