: ‘जुग-जुग जियो अभियान’ के तहत विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से बताया अंगदान का महत्व
बछेलीखाल (टिहरी गढ़वाल)। अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से राजकीय पॉलिटेक्निक बछेलीखाल में ‘जुग-जुग जियो अभियान’ के अंतर्गत अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से अंगदान का महत्व समझाया तथा लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर और प्रेरणादायक स्लोगन तैयार कर अंगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने ‘अंगदान मृत्यु नहीं, नई जिंदगी है’ जैसे संदेशों के माध्यम से बताया कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंगदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसे महादान इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अंगदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को इसके महत्व से अवगत कराना बेहद जरूरी है।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अंगदान जागरूकता का संदेश अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मानवीय पहल से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने और इसके लिए शपथ लेने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संस्थान की विभागाध्यक्ष (एचओडी) शोभा पोखरिया, राजेन्द्र जगवान, कमल किशोर मितल, गोविन्द, प्रशांत जोशी, विपिन पंवार, अविनाश पंवार, संदीप नेगी, प्रिंस चौहान सहित संस्थान के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
…..