ऑपरेशन प्रहार: नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार

: वसंत विहार थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चमोली से सकुशल बरामद हुई किशोरी

देहरादून, 21 अप्रैल। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना वसंत विहार पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वसंत विहार निवासी एक व्यक्ति ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास के रास्तों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान किशोरी के हर्ष नामक युवक के साथ जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो चमोली जिले के नारायणबगड़ में पाई गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चमोली पहुंचकर किशोरी को बरामद किया। पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद आरोपी हर्ष कुमार (19 वर्ष), निवासी शास्त्रीनगर खाला, थाना वसंत विहार, मूल निवासी नारायणबगड़ चमोली, को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।

पुलिस टीम:

म0उ0नि0 विनीता बेलवाल, एडिशनल एसआई विनय भट्ट, कांस्टेबल मंदीप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *