: आचार्य जय प्रकाश गोदियाल ने श्रीकृष्ण अवतार का महत्व बताते हुए धर्म, प्रेम, सेवा और सदाचार का दिया संदेश
देहरादून। बंजारावाला स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए। भजन-कीर्तन और जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कथावाचक पूज्य आचार्य श्री जय प्रकाश गोदियाल ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि और अधर्म का विस्तार होता है, तब-तब भगवान मानवता की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर धर्म, सत्य, प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत भी है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर आलोक कुकरेती, पंडित कुलदीप खांकरियाल, सुनीता बलूनी, पंडित शिवा भट्ट, पंडित थपलियाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।